कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहे है, रविवार सुबह बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। बलगी मोड़ स्थित शराब दुकान के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई
कोरबा: घटना का विवरण
मृतक की पहचान सुमेधा सलिहाभांठा निवासी रामेश्वर दास (35 वर्ष) के रूप में हुई है। चश्मदीदों के मुताबिक, घटना आज रविवार सुबह करीब 9 बजे की है। रामेश्वर अपनी बाइक से जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
परिजनों का फूटा गुस्सा, सड़क पर बैठे
जैसे ही हादसे की खबर मृतक के गांव और परिजनों तक पहुंची, मौके पर कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। घटना से नाराज लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि लापरवाह वाहन चालक पर कड़ी कार्रवाई की जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
पुलिस बल मौके पर तैनात
हंगामे की सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस आक्रोशित भीड़ को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।




