गरियाबंद। छुरा में महिलाओं बच्चों और आम नागरिकों के लिए शाम का समय बन रहा असुरक्षित; में रोड़ में शराब दुकान और नियमों पर उठे सवाल नगर मुख्यालय छुरा के कोसमबुडा रोड स्थित देसी व अंग्रेजी मदिरालय के आसपास हर शाम अव्यवस्था का माहौल बन जाता है। सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग जमा होकर शराब का सेवन करते नजर आते हैं, जिससे वहां से गुजरने वाले सामान्य नागरिकों को भारी असहजता का सामना करना पड़ता है।
छुरा कोसमबुडा रोड के मदिरालयों के बाहर हर शाम अव्यवस्था
छुरा में विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए यह स्थिति और अधिक चिंताजनक बन जाती है, जब शाम के समय भीड़ और नशे में धुत लोगों की हरकतें बढ़ जाती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मदिरालय के बाहर अक्सर लोग खुले में शराब पीते दिखाई देते हैं, जो नियमों के विपरीत है। नशे में कई लोग ऊल-जुलूल हरकतें करते हैं और सड़क पर आवाजाही कर रहे राहगीरों पर भी इसका असर पड़ता है। इससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ता जा रहा है और आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

इसके अलावा, मदिरालय से जुड़ी चखना दुकान को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। नियमों के अनुसार ऐसी दुकानों का संचालन निर्धारित मानकों के तहत होना चाहिए, लेकिन यहां व्यवस्थाएं उस अनुरूप नजर नहीं आतीं। खुले में चखना और शराब सेवन का दृश्य आम हो चुका है, जिससे सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले में सख्ती बरती जाए और नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि सड़क पर अनुशासन कायम हो सके और आम लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।



