राज्य सिविल सेवा प्रीलिम्स 2025: परीक्षा 22 फरवरी 2026, एडमिट कार्ड जारी
33 जिलों में परीक्षा केंद्र, Dress Code और Gadgets पर सख्ती
परीक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर प्रवेश वंचित किया जा सकता है
रायपुर : राज्य सिविल सेवा भर्ती परीक्षा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को आयोजित की जाने वाली है. परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं. प्रदेश के सभी 33 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. एडमिट कार्ड जारी करने के साथ ही लोक सेवा आयोग ने विस्तृत दिशा निर्देश जारी कर ड्रेस कोड से लेकर गैजेट्स और परीक्षा की टाइमिंग भी बताई है. परीक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर परीक्षार्थियों को परीक्षा देने से वंचित भी किया जा सकता है.
Also read – Chhattisgarh News : कोर्ट से फरार हुए हत्या के दो आरोपी, रायपुर पुलिस में मचा हड़कंप; इस आरोप में थे बंद
महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड जारी
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हल्के रंग के, आधी बांह वाले वस्त्र पहनकर आना होगा. काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. कार्गो पैंट या किसी भी प्रकार के डिजाइनर परिधान स्वीकार नहीं किए जाएंगे, हालांकि साधारण जींस या सामान्य पैंट पहनने की अनुमति होगी.
महिलाओं के लिए यह होगा परिधान
महिला अभ्यर्थी आधी बांह की सलवार-कुर्ती या साड़ी के साथ आधी बांह का ब्लाउज पहन सकती हैं. कानों में किसी प्रकार के आभूषण की अनुमति नहीं होगी. विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र पहनने की छूट दी गई है.
जूते– चप्पलों के लिए भी निर्देश जारी
जूते-चप्पलों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं. मोटे सोल या ऊंची हील वाले जूते प्रतिबंधित हैं. अभ्यर्थियों को केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर पहनकर ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा.
सीमित वस्तुएं ही साथ ले जाने की अनुमति
परीक्षा केंद्र में केवल आवश्यक सामग्री ही ले जाई जा सकेगी. इनमें लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल, प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट, मूल फोटो पहचान पत्र (मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार या ई-आधार) और काले या नीले रंग का बॉल पेन शामिल हैं.
यदि प्रवेश पत्र पर लगी फोटो स्पष्ट नहीं है, तो अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लानी होंगी. नाम या फोटो में किसी प्रकार की असमानता होने की स्थिति में संबंधित मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा.
Also read – Income Tax Raid in CG: कोयला व्यापारी के ठिकानों पर IT की रेड, SIR सर्वे टीम बनकर पहुंचे अधिकारी
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की घड़ी, स्मार्टवॉच, मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, पेजर या अन्य संचार उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाना सख्त मना है. नकल या अनुचित गतिविधियों को रोकने के लिए केंद्रों पर जैमर भी लगाए जाएंगे.
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रावधान
जिन अभ्यर्थियों को सहलेखक की अनुमति प्रदान की गई है, उन्हें संबंधित जिला कार्यालय से जारी स्वीकृति पत्र साथ रखना होगा. सहलेखक पर भी परीक्षा के सभी नियम समान रूप से लागू होंगे. चिकित्सकीय कारणों से विशेष जूते या उपकरण की आवश्यकता होने पर जांच के उपरांत ही अनुमति दी जाएगी.

CG PSC Prelims एडमिट कार्ड जारी: Dress Code और Gadgets पर कड़ी सख्ती, उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र 2 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य
दो घंटे पहले पहुंचना होगा अभ्यर्थियों को
आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक सत्र के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा. परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे. परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी को भी केंद्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी, सिवाय चिकित्सा आपात स्थिति के.
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित सूची के अतिरिक्त कोई अन्य वस्तु लाने की स्थिति में उसकी पूरी जिम्मेदारी अभ्यर्थी की होगी. आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा के दौरान तलाशी भी ली जा सकती है. आयोग ने सभी परीक्षार्थियों से नियमों का पूर्ण पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित परीक्षा संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है.
238 पदों के लिए होगी परीक्षा
PSC 26 फरवरी 2025 को विज्ञापन जारी किया था. कुल 238 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया. 1 दिसंबर से 30 दिसंबर तक के ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे.



