गरियाबंद। जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक आज जिला कार्यायल के सभाकक्ष में कलेक्टर बीएस उइके की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवांगी चतुर्वेदी एवं लेखराज ध्रुवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
गरियाबंद पैरी घुमर कैनाल डायवर्सन एवं वन अधिकार प्रकरणों पर हुई बैठक
बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास लोकेश्वर पटेल, उप वन मंडलाधिकारी मनोज चंद्राकर, सहायक संचालक उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व तौरेंगा जे.पी. दर्रो तथा जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी आर.पी. साहू सहित अन्य विभागीय कर्मचारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान पैरी घुमर कैनाल नहर के डायवर्सन कार्य के साथ-साथ सामुदायिक वन अधिकार, सामुदायिक वन संसाधन अधिकार एवं व्यक्तिगत वन अधिकार से संबंधित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति द्वारा सामुदायिक वन संसाधन के तीन प्रकरणों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

वहीं अन्य लंबित प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेज कमी को पूर्ण कर आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक में वन अधिकार से जुड़े मामलों के त्वरित एवं सुव्यवस्थित निराकरण पर भी जोर दिया गया।



