वास्तु शास्त्र केवल घर या ऑफिस की बनावट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे रोजमर्रा के जीवन की छोटी-छोटी आदतों में भी संतुलन और सकारात्मकता बनाए रखने की सलाह देता है। इन्हीं में से एक है पर्स का रखरखाव। पर्स केवल धन रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आपकी आर्थिक ऊर्जा का संकेत भी माना जाता है। वास्तु के अनुसार यदि पर्स में कुछ विशेष वस्तुएं रखी जाएं, तो यह सकारात्मकता बढ़ाती हैं, वहीं कुछ चीजें ऐसी भी होती हैं, जो नकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करती हैं और आर्थिक हानि का कारण बन सकती हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि आपको अपने पर्स में किन चीजों को नहीं रखना चाहिए।
पर्स में क्या न रखें?
फटे और गंदे नोट
यदि आपके पर्स में कटे-फटे या मैले नोट हैं, तो इसे तुरंत बदलवाना चाहिए। ऐसे नोट आर्थिक तंगी और अशांति का संकेत माने जाते हैं। हमेशा साफ और सही मुद्रा ही पर्स में रखें।
पुराने बिल और रसीदें
बिल, रसीदें या खर्चों से जुड़े पुराने कागजात पर्स में न रखें। ये चीजें नकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करती हैं और धन के संग्रह में बाधा डालती हैं। बिना काम के कागज, कार्ड्स या अन्य बेकार सामग्री पर्स में रखने से उसका भार बढ़ता है और इससे धन की आवक प्रभावित होती है।
बेकार धातु की वस्तुएं
पुरानी चाबियां, जंग लगे सिक्के, पिन या किसी भी प्रकार की बेकार धातु वस्तु से पर्स में रुकावट उत्पन्न होती है। इससे धन प्रवाह में रुकावट आती है।
मृतकों की तस्वीरें
पर्स में दिवंगत परिजनों की फोटो रखना अशुभ माना जाता है। इसकी बजाय देवी-देवताओं की तस्वीरें रखना शुभफलदायक होता है।
चमड़े के पर्स में धार्मिक चित्र
चमड़े से बने पर्स में धार्मिक प्रतीकों या भगवान की तस्वीरों को रखना अनुचित माना गया है। यह अनादर का प्रतीक होता है और इससे आर्थिक नुकसान हो सकता है।
अप्रचलित सिक्के या विदेशी मुद्रा
ऐसी मुद्रा या सिक्के जो अब उपयोग में नहीं आते, उन्हें भी पर्स से निकाल देना चाहिए। यह स्थायी आर्थिक अस्थिरता का कारण बन सकता है।