गरियाबंद बलौदाबाजार,और रायपुर और जिले के उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ, राजिम विधायक रोहित साहू ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
गरियाबंद राजिम। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने घरेलू गैस उपभोक्ताओं के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुरमें सिटी गैस इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का विधिवत शुभारंभ किया। इस परियोजना के लागू होने से अब रायपुर, बलौदा बाजार और गरियाबंद जिले के हजारों घरेलू गैस उपभोक्ता परिवारों को सीधे उनके रसोई तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस की आपूर्ति की जाएगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। सिटी गैस इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के शुभारंभ के साथ उस विकास की कड़ी में एक और कड़ी जुड़ गई है। उन्होंने आगे कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से लोगों को सिलेंडर बुक करने और उसके आने का इंतज़ार करने की झंझट से मुक्ति मिलेगी साथ ही यह पर्यावरण के अनुकूल और सस्ता विकल्प भी साबित होगा। इसका उद्देश्य गृहणियों को सिलेंडर खत्म होने की चिंता से मुक्त करने के साथ ही उन्हें एक सुरक्षित और सस्ती ऊर्जा का विकल्प प्रदान करना भी है। इस योजना से अब गैस खत्म होने का डर नहीं रहेगा,पाइपलाइन से 24 घंटे गैस उपलब्ध होगी। सिलेंडर के मुकाबले पाइपलाइन गैस सस्ती और अधिक किफायती होगी। इसके साथ ही यह परियोजना प्रदूषण मुक्त है तथा सिलेंडर के रिसाव और परिवहन के खतरों से मुक्ति मिलेगी।
गरियाबंद जिले में उत्साह की लहर,विधायक रोहित साहू ने जताया आभार, कहा डबल इंजन की सरकार अब सुरक्षित ईंधन की सरकार बन गई है
परियोजना के शुभारंभ से गरियाबंद जिले में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। जिले के राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए इसे सुशासन वाली सरकार की मिसाल बताया है। उन्होंने कहा कि यह कदम गरियाबंद जैसे जिलों के लिए विकास के नए द्वार खोलेगा। उन्होंने आगे कहा कि आज राजिम विधानसभा और पूरे गरियाबंद जिले के लिए ऐतिहासिक दिन है। हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी ने सिटी गैस इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के रूप में जो सौगात हमें दी है वह छत्तीसगढ़ के बदलते और संवरते स्वरूप का प्रतीक है। हमारे जिले की माताएं-बहनें अब गैस सिलेंडर खत्म होने की परेशानी और बुकिंग के इंतजार से मुक्त होंगी। पाइपलाइन से सीधे चूल्हे तक गैस पहुँचने से समय की बचत मिलेगी और हर उपभोक्ता परिवार की जेब को राहत भी मिलेगी। यह डबल इंजन की सरकार अब सुरक्षित ईंधन की भी सरकार बन गई है। अब जनसुविधा सीधे जनता के द्वार तक पहुँचने लगी है। उन्होंने राजिम विधानसभा की समस्त जनता की ओर से मुख्यमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि मोदी जी की गारंटी और विष्णुदेव सरकार के सुशासन में छत्तीसगढ़ अब सचमुच संवर रहा है। विकास की यह गंगा अब हर घर तक पहुँचेगी।




