गरियाबंद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के निर्देश पर गरियाबंद शहर कांग्रेस में संगठन को मजबूत करने की दिशा में व्यापक फेरबदल की तैयारी की जा रही है। इसी कड़ी में शहर कांग्रेस प्रभारी संजय नेताम ने सोमवार को शहर कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक ली, जिसमें नए संगठनात्मक ढांचे और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
शहर कांग्रेस कमेटी के पुनर्गठन की कवायद तेज, नए सिरे से तय हुई संगठनात्मक जिम्मेदारियाँ
बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को धार देने के उद्देश्य से शहर कांग्रेस ने भाजपा के संगठन मॉडल को अपनाने की रणनीति बनाई है। शहर में मौजूद 10 बूथों को दो सेक्टरों में विभाजित किया गया है, और दो सेक्टरों को मिलाकर एक मंडल का गठन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियों में शामिल करते हुए बेहतर समन्वय स्थापित करना है। पहले जहां एक ही सेक्टर था, अब उसे बढ़ाकर दो सेक्टर कर दिया गया है।
बैठक में विभिन्न पदों के लिए संभावित जिम्मेदार कार्यकर्ताओं के नामों पर भी विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के बाद तैयार की गई नामों की सूची एक बंद लिफाफे में कल जिला प्रभारी धनेन्द्र साहू को सौंपा जाएगा। इन नामों पर अंतिम मुहर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा लगाई जाएगी।
बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सोनवानी, पार्षद छगन यादव, वरिष्ठ नेता राजेश साहू, मुकेश रामटेक, योगेश बघेल, अवध राम यादव, प्रतिभा पटेल, मुकेश भोई, सविता गिरी, गुरनुर कुकरेजा, सुमन देवांगन, प्रियांशु निराला, प्रेम यादव, टंकेश्वर, उत्तम यादव, ओम सोनी, डिलेश्वर देवांगन, रमेश मेश्राम, सन्नी मेमन, रमन सिंह, सेवाराम गुप्ता, खोवा लाल सिन्हा, सुरजीत कुटारे, मुकेश पांडेय, अंजोर ध्रुव, पार्वती ध्रुव, गणेश राम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।