बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर विकासखंड में सोमवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज आंधी-तूफान के साथ बलरामपुर जिले में ओलावृष्टि ने क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। करीब 15 से 20 मिनट तक लगातार ओले गिरते रहे, जिससे सड़कों, घरों की छतों और खेतों में ओलों की सफेद परत जम गई और कुछ समय के लिए शिमला जैसे हालात निर्मित हो गए।
बलरामपुर: ओलावृष्टि से वाड्रफनगर में शिमला जैसे हालात
बलरामपुर जिले में तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़-पौधे झुक गए, जबकि खेतों में खड़ी रबी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। किसानों के अनुसार गेहूं, राई, सरसों और मौसमी सब्जियों की फसल इस समय पकने की स्थिति में है, ऐसे में ओलावृष्टि से दाने झड़ने और फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। कुछ खेतों में पानी भरने की भी सूचना है, जिससे फसल सड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

अचानक बदले मौसम से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। इधर मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी मौसम परिवर्तन की संभावना जताई है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
व्हाट्सएप चैनल से जुड़े
https://whatsapp.com/channel/0029Vb6t9n959PwLlBySPK0M


