गरियाबंद के वार्ड क्रमांक 01 में संयुक्त खाते की जमीन पर हो रहे निर्माण को लेकर प्रशासनिक कार्यवाही पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। बिलासपुर निवासी आवेदिका सुनिधि गुप्ते का आरोप है कि बिना उनकी सहमति और बिना विधिवत भवन अनुज्ञा के निर्माण कार्य कराया गया, जबकि प्रारंभिक चरण से ही आपत्तियां दर्ज कराई जाती रहीं। बावजूद इसके निर्माण अब लेंटर स्तर तक पहुंच चुका है।
संयुक्त खाते की जमीन पर निर्माण
गरियाबंद नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 01 स्थित खसरा नंबर 55/1, रकबा 0.1640 हेक्टेयर संयुक्त खाते की भूमि का है। आवेदिका सुनिधि गुप्ते का आरोप है कि सहखातेदार द्वारा उनकी अनुमति के बिना भवन निर्माण किया जा रहा है। उनका कहना है कि नींव खनन के समय से ही उन्होंने लिखित शिकायतें दीं, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रोका गया और अब भवन में लेंटर भी डल चुका है। पटवारी प्रतिवेदन के आधार पर तहसीलदार द्वारा स्थगन आदेश जारी किए जाने के बाद भी निर्माण जारी रहने को लेकर वे सवाल उठा रही हैं। सुनिधि गुप्ते का यह भी आरोप है कि भवन अनुज्ञा संबंधी सामान्य जानकारी के लिए उन्हें आरटीआई का सहारा लेना पड़ा और न्यायालय की शरण भी लेनी पड़ी।
वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि संबंधित पक्ष को तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं और आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है।




