सूरजपुर। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती विनीता वार्नर की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट विजिटर्स बोर्ड ने आज सूरजपुर जिला जेल का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य बंदियों की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता एवं विधिक सहायता व्यवस्थाओं की समीक्षा करना था।
निरीक्षण दल ने बैरक, रसोईघर, स्वास्थ्य केंद्र एवं सामान्य उपयोग के क्षेत्रों का बारीकी से मुआयना किया तथा स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधाओं, शिक्षा कार्यक्रमों एवं लीगल एड क्लीनिक की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया। अधिकारियों ने बंदियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

प्रधान जिला न्यायाधीश ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि बंदियों को स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक भोजन, नियमित चिकित्सा जांच एवं शिक्षा के अवसर बिना किसी व्यवधान के सुनिश्चित किए जाएं।
जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री आनंद प्रकाश वारियाल ने बंदियों को उनके अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि जेल लीगल एड क्लीनिक में उपस्थित अधिवक्ता एवं पीएलवी से बंदी बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी कानूनी समस्याएं साझा कर सकते हैं। सचिव सुश्री पायल टोपनो ने बंदियों की व्यक्तिगत समस्याएं नोट कर मुफ्त अधिवक्ता नियुक्ति एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सेवाओं की जानकारी दी।
इस निरीक्षण में अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कपिल देव पैकरा, जेल अधीक्षक विक्रम गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



