राजिम। गरियाबंद जिले के ग्राम दुतकैय्या में घटित हालिया घटना को लेकर पुलिस प्रशासन ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि स्थिति वर्तमान में पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
दुतकैय्या खपरी घटना : पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हालात नियंत्रण में
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम दुतकैय्या थाना राजिम क्षेत्र अंतर्गत वर्ष 2024 में पुराना तालाब स्थित बावेश्वर शिव मंदिर में तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी। इस मामले में थाना राजिम में अपराध क्रमांक 173/24 धारा 295, 427, 201, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई थी। उक्त प्रकरण में अपचारी बालक आरिफ खान को बाल सुधार गृह माना भेजा गया था, जिसे बाद में जमानत पर रिहा किया गया।
दिनांक 01 फरवरी 2026 को आरोपी आरिफ खान द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर ग्राम बासीन (थाना फिंगेश्वर) स्थित पेट्रोल पंप के पास रेखराम यादव के साथ वाद-विवाद कर मारपीट की गई। इस संबंध में थाना राजिम में अपराध क्रमांक 00/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके अलावा अलग-अलग घटनाओं में— ललित कुमार साहू के साथ धान मंडी धमनी के पास रास्ता रोककर मारपीट,अरविंद साहू के साथ ग्राम परसदाजोशी स्थित सब स्टेशन कार्यालय में घुसकर मारपीट व लूट, नरेन्द्र कुमार साहू के साथ अरण्ड रोड ग्राम बकली के पास रास्ता रोककर मारपीट एवं मोबाइल लूट की घटनाएं सामने आईं।
इन मामलों में थाना राजिम में अपराध क्रमांक 25/2026, 26/2026 एवं 27/2026 विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। सभी अपराधों की सूचना दोपहर 3:00 से 3:30 बजे के बीच दर्ज की गई और तीन घंटे के भीतर पुलिस ने फरार आरोपियों को ट्रेस कर अभिरक्षा में ले लिया।
घटनाओं को लेकर ग्राम दुतकैया में आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसके चलते ग्रामीणों की भीड़ आरोपी के घर के पास एकत्र होने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक न्यूनतम बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
कार्यवाही के दौरान पुलिस के 7 जवान घायल हुए, जिनमें से एक जवान को रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजिम में जारी है। वहीं दो ग्रामीण घायलों में राजू खान को वीवाय हॉस्पिटल रायपुर एवं अनवर खान को मेकाहारा रायपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है। थाना प्रभारी राजिम स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
व्हाट्सएप चैनलस जुड़े
https://whatsapp.com/channel/0029Vb6t9n959PwLlBySPK0M
अंत में पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।




