Breaking news: छुरा खरखरा के पास मंगलवार देर शाम गरियाबंद–छुरा मुख्य मार्ग पर खरखरा स्थित शासकीय उद्यानिकी परिसर और पुल के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल बन गया।
Breaking news: खरखरा पुल के पास दर्दनाक सड़क हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बारुला निवासी शिवकुमार बंजारे और संतराम चक्रधारी बाइक से छुरा की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान खरखरा पुल के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर जोरदार थी, जिससे दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। शिवकुमार बंजारे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि संतराम चक्रधारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही छुरा थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस अब वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी हुई है। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई है, वहां आसपास सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता सीमित बताई जा रही है, जिससे जांच चुनौतीपूर्ण हो सकती है। पुलिस आसपास के मार्गों के फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर वाहन का सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है। क्षेत्रवासियों ने मार्ग पर रात्रि गश्त और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



