Breaking news बालोद। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार तड़के सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े लकड़ी से लदे माजदा वाहन से जा टकराई।Paragraph दुर्घटना में बस चालक, परिचालक और यात्रियों सहित आठ से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के समय बस में करीब 35 से ज्यादा यात्री सवार थे।
Breaking news: जगतरा टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना पुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जगतरा टोल प्लाजा के आगे मरकाटोला कैम्प मोड़ के पास रविवार सुबह लगभग 5:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े माजदा वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सुकमा से दुर्ग जा रही थी बस
मिली जानकारी के मुताबिक रॉयल कंपनी की स्लीपर बस सुकमा से धमतरी और रायपुर होते हुए दुर्ग की ओर जा रही थी। तड़के सुबह अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक जोरदार टक्कर लगने से बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई।
स्लीपर सीट से गिरकर यात्री घायल
हादसे के समय बस की ऊपरी स्लीपर सीटों पर सो रहे कई यात्री झटके से नीचे गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें आईं। दुर्घटना में बस चालक को गंभीर चोट आई है, जबकि एक महिला यात्री का पैर बुरी तरह घायल हो गया। अन्य यात्रियों को भी हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
पुलिस और राहगीरों ने की मदद
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए तत्काल धमतरी जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और अचानक नियंत्रण बिगड़ने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



