गरियाबंद। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना अमलीपदर क्षेत्र में घटित एक बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 लाख से अधिक मूल्य के मोबाइल फोन सहित लाखों रुपये की संपत्ति बरामद की है।
घटना 14 अक्टूबर 2025 की रात की है, जब चंद्रशेखर सिंह ठाकुर की मोबाइल दुकान, बस स्टैंड चौक अमलीपदर से अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर 73 नग मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक सामग्री चोरी कर ली थी। इस मामले में थाना अमलीपदर में अपराध क्रमांक 115/25 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एसडीओपी विकास पाटले के नेतृत्व में गठित टीम की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मैनपुर विकास पाटले के नेतृत्व में थाना प्रभारी देवभोग निरीक्षक फैजुल होदा शाह, थाना प्रभारी अमलीपदर उप निरीक्षक दिलीप मेश्राम एवं स्पेशल टीम गठित की गई।
टीम ने आसूचना के आधार पर चांदाहांडी (उड़ीसा), देवभोग एवं परसदा (रायपुर) में दबिश दी।
जांच के दौरान हिरासत में लिए गए संदेही सूरज बारिक (21 वर्ष) निवासी ग्राम बरिगुड़ा, थाना चांदाहांडी (उड़ीसा) ने पूछताछ में चोरी की घटना स्वीकार की तथा बताया कि घटना में उसके साथ अन्य 5 साथी शामिल थे, जो उड़ीसा राज्य में भी सक्रिय हैं।
12 लाख के मोबाइल और सोने-चांदी के जेवर बरामद
आरोपी सूरज बारिक के निशानदेही पर उसके घर से 96 नग मोबाइल कीमत ₹12,10,400 और घटना में प्रयुक्त कार व मोटरसायकल कीमत ₹6,30,000 जब्त किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने थाना देवभोग और उरमाल के तीन अन्य चोरी के मामलों को भी स्वीकार किया।
आरोपी के बताए अनुसार परसदा (रायपुर) निवासी प्रीत मिस्त्री और दीप उर्फ ध्रुवा मिस्त्री के घर दबिश दी गई। जहां से सोने-चांदी के आभूषण और मूर्तियां कीमत ₹20,55,520 एवं नकद ₹57,000 बरामद किए गए।
कुल 6 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना अमलीपदर और देवभोग के अलग-अलग मामलों में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वहीं, फरार आरोपी दीप उर्फ ध्रुवा मिस्त्री की पतासाजी जारी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा चोरी से अर्जित संपत्ति की कुर्की कार्रवाई भी की जाएगी।




