रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास परिसर से मिशन अंतरिक्ष और प्रोजेक्ट जय विज्ञान अभियान का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य स्कूली बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति जिज्ञासा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है।
CG breaking: गरियाबंद में बड़ा सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार लोग घायल
कार्यक्रम में अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने छत्तीसगढ़ के स्कूली विद्यार्थियों से सीधी बातचीत की और अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शुभांशु शुक्ला को उनकी सफल अंतरिक्ष यात्रा के लिए प्रदेशवासियों की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर जिला प्रशासन रायपुर, इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड फाउंडेशन और विज्ञान भारती के बीच दो महत्वपूर्ण समझौते भी हुए, जिससे बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान और अन्य वैज्ञानिक विषयों पर गहन जानकारी उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की सोच है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रोजेक्ट जय विज्ञान के तहत आयोजित कार्यशालाएं, विज्ञान प्रदर्शनियां और नवाचारी परियोजनाएं विद्यार्थियों को नई खोजों और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करेंगी।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा कि उन्हें देश ने जो अवसर प्रदान किया है, उसे नई पीढ़ियों तक पहुँचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब प्रदेश का मुखिया विज्ञान और शिक्षा को बढ़ावा देता है, तो उसका असर बच्चों पर सकारात्मक रूप से पड़ता है और वे नई ऊँचाइयों तक पहुँचने के लिए प्रेरित होते हैं।