गरियाबंद। कलेक्टर उइके ने देवभोग प्रवास के दौरान देवभोग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं एवं मरीजों के इलाज के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने अस्पताल में उपलब्ध बिस्तरों की संख्या एवं संसाधनों की भी जानकारी ली। साथ ही सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश मौके पर मौजूद प्रभारी अधिकारियों को दिए। उन्होंने किडनी मरीजों के इलाज के लिए केंद्र में संचालित डायलिसिस यूनिट का भी जायजा लिया। कलेक्टर ने देवभोग के स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, जनरल वार्ड, ड्रेसिंग कक्ष, प्रयोगशाला, एक्सरे कक्ष, टीकाकरण कक्ष, फार्मेसी स्टोर, जेनेरिक दवा दुकानों सहित पूरे परिसर का अवलोकन कर संधारित रिकार्ड के संबंध में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार एवं बेहतर देखभाल सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।