
रायगढ़ (khabarbharat36)। घरघोड़ा मार्ग में यात्रियों से भरी एक बस यात्री आज सुबह अनियंत्रित होकर रेलवे ओवरब्रिज से जा टकराई। हादसे में कई यात्री बुरी तरह से घायल हो गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि रायगढ़ से घरघोड़ा जाने निकली बस आज सुबह जैसे ही दर्रीडीपा के पास पहुंची कि अचानक बस चालक को झपकी आ गई। इसके चलते बस अनियंत्रित होकर रेलवे ओवरब्रिज से टकरा गई।
हादसे में चालक केबिन में बैठे दो यात्री सीधे ओवरब्रिज के नीचे जा गिरे। वहीं बस में सवार अन्य यात्री बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे के बाद मची चीख-पुकार के बीच राहगीरों और आसपास के लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया। हादसे के बाद से ही बस चालक वाहन छोड़कर भाग निकला था।
बताया जाता है कि बस के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।