- गरियाबंद
- No Comment
जेल निरीक्षण समिति द्वारा उप जेल गरियाबंद का निरीक्षण

गरियाबंद 01 जुलाई 2022/ माननीय सर्वाेच्च न्यायालय तथा बाल अधिकार संरक्षण आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार जेलों में निवासरत बंदियों का उम्र सत्यापन कराया जाता है। उम्र का सत्यापन करने हेतु अधिवक्ताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के पैनल को सम्मिलित कर जेलों का निरीक्षण प्रत्येक त्रैमास में किया जाता है। विगत 30 जून 2022 को समिति द्वारा उप जेल गरियाबंद का निरीक्षण किया गया। जेल निरीक्षण में समिति के श्री कृष्ण कुमार शर्मा, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति, गरियाबंद, श्री हेमराज दाऊ (अधिवक्ता), सुश्री शीला यादव सदस्य किशोर न्याय बोर्ड गरियाबंद एवं श्री शरदचंद निषाद विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी शामित थे। उप जेल गरियाबंद के जेल अधीक्षक व जेल प्रहरी निरीक्षण दौरान उपस्थित थे। निरीक्षण समिति द्वारा 07 बैरकों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण समिति द्वारा प्रत्येक बंदियों से मुलाकात कर उनके वास्तविक आयु की जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान 02 बंदी ने अपनी आयु 18 वर्ष से कम होना बताया तथा 03 बंदियों अपने घर में निवासरत स्वयं के बच्चों का पालन पोषण करने में असमर्थता जताई। जिस पर जेल निरीक्षण समिति के द्वारा आवश्यक पहल करने का निर्णय लिया गया है।